Maiya Samman Yojana ने ली महिला की जान! पति ने पत्नी से मांगी मंईयां सम्मान योजना की राशि, मना करने पर उतार दिया मौत के घाट
Monday, Nov 10, 2025-11:50 AM (IST)
Maiya Samman Yojana: हेमंत सरकार द्वारा शुरू की गई मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के लिए काफी लाभदायक है। हर महीने महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की राशि आती है, लेकिन मंईयां सम्मान योजना की वजह से तीन बच्चों की मां अपनी जिंदगी गंवा बैठी।
पति ने की आधी रात को पत्नी की हत्या
दरअसल, बोकारो के थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती की रहने वाली एक महिला की उसके पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी से मंईयां सम्मान योजना की राशि मांगी थी, लेकिन पत्नी ने राशि देने से मना कर दिया जिससे नाराज होकर पति ने आधी रात को अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। महिला की चीख की आवाज सुनते ही उसकी 8 वर्षीय बेटी ने अपने दादा-दादी को नींद से उठाया। उन्होंने दरवाजा खोला तो देखा कमरे में खून से लथपथ उनकी बहू मृत पड़ी है। मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, मृतक महिला के 3 बच्चे छोटे-छोटे बच्चे हैं।
मामले में मृतक महिला की बेटी ने बताया कि उसके पिता कोई काम नहीं करते थे और मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर मां से झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के चलते रात में यह हत्या की गई। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि रुपेश यादव स्वभाव से अत्यंत हिंसक था। वह आए दिन पत्नी की पिटाई करता था और पहले भी अपने माता-पिता पर हमला कर चुका था।

