Holi पर सनसनी: सोन नदी किनारे मिली 26 वर्षीय युवती की लाश, इलाके में हड़कंप
Wednesday, Mar 04, 2026-02:33 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले में होली के त्योहार के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुसैनाबाद अनुमंडल के देवरी ओपी क्षेत्र में सोन नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बीते मंगलवार देर शाम कुछ ग्रामीणों ने सोन नदी किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत देवरी ओपी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई सुरेश राम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। मौके पर एसडीपीओ एस.एस. मोहम्मद याकूब के साथ हुसैनाबाद थाना, देवरी ओपी, दंगवार ओपी और महिला थाना की पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।
पहचान में हो रही है परेशानी
पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। शव का कुछ हिस्सा बालू से ढका था और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह फूल गया है। इसी वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवती ने लाल रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और उसके दाहिने हाथ में एक चूड़ी मिली है। उसकी लंबाई करीब पांच फीट बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती शादीशुदा थी या अविवाहित।
पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है। एसडीपीओ एस.एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि शव अज्ञात होने के कारण जांच में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन हर बिंदु पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है।
आम लोगों से पहचान की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र से कोई युवती लापता है, तो वे हुसैनाबाद थाना या देवरी ओपी में संपर्क कर शव की पहचान करें। होली जैसे त्योहार के बीच हुई इस घटना से इलाके में डर और चिंता का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

