तेजस्वी ने झारखंड में भी जातिगत सर्वेक्षण करवाने का किया आग्रह, ताकि "लोगों की वास्तविक स्थिति" की जाए निर्धारित

Monday, Feb 13, 2023-02:03 PM (IST)

 

रांचीः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने झारखंड सरकार से बिहार की तरह राज्य में भी जातिगत सर्वेक्षण करवाने का आग्रह किया है, ताकि "लोगों की वास्तविक स्थिति" निर्धारित करने में मदद मिल सके।

तेजस्वी राज्य में राजद के आधार को मजबूत करने के लिए शनिवार से झारखंड में हैं। वह रांची में एक मिलन समारोह कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैंने शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उनसे बिहार की तरह जातिगत सर्वेक्षण कराने का आग्रह किया। इस कवायद से दिहाड़ी मजदूरों, भूमिहीन व्यक्तियों, सफाई कर्मचारियों और रिक्शा चालकों जैसे लोगों की वास्तविक स्थिति निर्धारित करने में मदद मिलेगी।"

राजद नेता ने कहा, ‘‘जब तक कुछ वैज्ञानिक आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे, कल्याणकारी योजनाओं को ठीक से लागू नहीं किया जा सकता। झारखंड के मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले को देखेंगे।'' उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विपक्षी दलों द्वारा बनाई गई सरकारों को गिराने के लिए "केंद्रीय एजेंसियों और धन बल का उपयोग करती है"। तेजस्वी ने कहा, "हमने देखा कि इसने (भाजपा) महाराष्ट्र में क्या किया और झारखंड में क्या करने का प्रयास किया।" उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए बिहार ने दूसरे राज्यों को रास्ता दिखाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static