ढुलू महतो और कांग्रेस नेता के समर्थक आपस में भिड़े, रणक्षेत्र बना मॉल; पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार
Saturday, Jun 14, 2025-03:19 PM (IST)

धनबाद: भाजपा सांसद ढुलू महतो और कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के समर्थक फिर से एक बार धैया के प्रभातम मॉल में भिड़ गये। बीते कुछ दिन पहले भी दोनों के समर्थक गाड़ी पार्किंग को लेकर भिड़ गए थे।
इस घटना के बाद से दोनों नेता और समर्थक एक- दूसरे को नीचा दिखाने के लिए सोशल मीडिया में लगे हुए थे जिससे फिर से टकराव की स्थिति का अंदाजा लगाया जा रहा था। दोनों नेता के समर्थकों का अचानक प्रभातम मॉल में आमना- सामना हो गया। दोनों के समर्थकों की मॉल के पास जमा होने की जानकारी मिलने पर बरवाअड्डा, धनबाद, भूली की पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, मुख्यालय डीएसपी शंकर कामती, लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नोशाद आलम भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों के समर्थकों को खदेड़ कर मौके से हटाया। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने समर्थकों पर सख्ती करते हुए लाठी चार्ज की। 3 लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया है। मॉल को फिलहाल बन्द कर दिया गया है। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। तनाव अभी भी बना हुआ है।