INDIA गठबंधन के लोग सत्ता के लिए गिद्धों की तरह लड़ रहे हैं: डॉ रविंद्र राय

Monday, Oct 28, 2024-11:09 AM (IST)

रांची: झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय ने कहा कि झारखंड में चुनाव अपने प्रारंभिक दौर के अंतिम छोर पर है और इस राज्य का निर्माण करने वाली भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।

"झारखंड में सबके मान सम्मान और अधिकार की सुरक्षा भाजपा करेगी"
राय ने कहा कि वैसे लोगों के दावे का खंडन करता हूं, जो कहते हैं लड़कर झारखंड लिया। भाजपा ने सहमति से झारखंड बनाया। राय ने कहा कि झारखंड में यह वैमनस्य की भावना 2000 के पहले भी झामुमो और कांग्रेस करता था। यह लाल खंड तक की बात करते थे। खेत खलियान तक लूटते थे। उससे मुक्त करके भाजपा ने अटल जी के शासन में झारखंड का निर्माण कराया था। डॉ राय ने कहा कि आज चुनाव के मौके पर झारखंड की जनता को संदेश देना चाहता हूं कि हमने झारखंड का निर्माण कराया है तो हमारी विशेष जिम्मेदारी जनता के प्रति है, इसका हमें एहसास है। उस जिम्मेवारी का हम निर्वहन करना चाहते हैं। वर्तमान में जिस प्रकार के राजनीतिक विभाजन का काम हो रहा है, उससे राज्य को बचाने की जरूरत है। एक तरफ फिर से सांप्रदायिकता को बढ़ाने का काम कांग्रेस कर रही है। जातिवाद को फैलाने का काम आरजेडी कर रहा है। आदिवासी और गैर आदिवासी की भावना को भड़काने का काम झामुमो कर रहा है। झारखंड को झारखंड वासियों के लिए सुरक्षित रखने का काम करना चाहिए। सबके हितों की रक्षा करने की बात करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। झारखंड में सबके मान सम्मान और अधिकार की सुरक्षा भारतीय जनता पार्टी करेगी। इसलिए समाज के सभी वर्ग के लोग भारतीय जनता पार्टी का दिल खोलकर कर साथ दें।

"झारखंड में भाजपा ने नक्सलवाद को समाप्त किया"
राय ने दावे के साथ कहा कि झारखंड की जनता भाजपाई है। भाजपा झारखंड के लिए समर्पित है। दबे, कुचले और उपेक्षित लोग के लिए भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड अलग राज्य का निर्माण किया है। जो सपना भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा कर रहे हैं। जब भी भाजपा का शासन यहां आया कानून व्यवस्था को कायम किया। भाजपा के शासन में कभी किसी बेटी को हवस के शिकारी ने पेट्रोल का छिड़ककर जिंदा जलाने का काम नहीं किया। भाजपा के शासनकाल में किसी बलात्कारी ने लड़की के शरीर के टुकड़े-टुकड़े करके नहीं फेंके। झारखंड में भाजपा ने नक्सलवाद को समाप्त किया। हिंसा के साए से खेत खलिहान को सुरक्षित किया। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की जनता पिछले दिनों को भूली नहीं है। झारखंड में सत्ता बदलते फिर से अपराधी सिर उठा रहे हैं। यह बड़ी संख्या में आते हैं तो नक्सलवाद का चादर ओढ़ लेते हैं। जब छोटे होते हैं तब अपराधिक रूप में काम करते हैं। अपराध मुक्त झारखंड, अधिकार युक्त झारखंडवासी, सामाजिक सम्मान और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में राज्य को आगे बढ़ाने के लिए इस चुनाव को हम चुनौती के रूप में ले रहे हैं। डॉक्टर राय ने कहा कि हमारा मिशन है झारखंड बनाए हैं तो झारखंड को बचाएंगे। झारखंड में सभी वर्गों का, सभी जाति समूह के लोगों के अधिकार, मान सम्मान की रक्षा होगी। कभी किसी को दोयम दर्जे का नागरिक समझा जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा हेमंत सरकार के मंत्री इरफान अंसारी नारी शक्ति का सम्मान नहीं कर सकते हैं। उन्होंने जिस प्रकार के शब्द का प्रयोग दो-तीन बार की विधायक रही सीता सोरेन के बारे में किया है, वह घोर निंदनीय है। सीता सोरेन स्व. दुर्गा सोरेन की पत्नी है। शिबू सोरेन की बहू है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी है। राजनीति में अलग हो गया तो इतनी घृणित बातें मुख्यमंत्री के सहयोगी करें।

"इंडी गठबंधन बंटवारे के नाम पर लड़ाई लड़ रहा"
उन्होंने कहा कि डॉक्टर इरफान अंसारी महाभारत को निमंत्रण नहीं दें। नारी का अपमान इस देश ने कभी स्वीकार नहीं किया। कभी बर्दाश्त नहीं किया। सोने की लंका जल गई। झारखंड की तो छोटी सी सत्ता है। यह बीजेपी का सिर्फ मुद्दा नहीं है। यह झारखंड की हर मां- बहन का मुद्दा है। बोलते बोलते कुछ भी बोल जाएंगे। कुछ भी बोलने पर इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। यह मुद्दा जलेगा। इसको जलने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के त्यौहार में चुनाव के मैदान में सभी अपनी मर्यादा में रहे। भाजपा से बड़ी ताकत किसी के पास नहीं है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में यह चुनाव लड़ रही है। पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ, हर गांव तक हैं। यह हिम्मत किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी को नहीं है। इसलिए आज भी इंडी गठबंधन बंटवारे के नाम पर लड़ाई लड़ रहा है। संघर्ष पर आ गए हैं। सत्ता के लिए यह गिद्धों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। झारखंड की जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाएं। राजनीतिक सौहार्द को बचाएं। भाजपा सबके मान सम्मान, अधिकार की रक्षा की गारंटी देती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static