रमजान 2026: CM हेमंत सोरेन के आवास पर भव्य इफ्तार पार्टी, कई मंत्री और गणमान्य लोग हुए शामिल
Wednesday, Mar 18, 2026-10:59 AM (IST)
Jharkhand News: रमजान के पवित्र महीने के मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित अपने आवास में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में अलग-अलग धर्मों और समाज के लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत किया
रमजान के खास अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी रखी, जिसमें कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में रोज़ा रखने वाले लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत किया और रमज़ान की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह महीना त्याग, सेवा और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने आगे कहा कि रमज़ान हमें एक-दूसरे का सम्मान करने और मिल-जुलकर रहने की सीख देता है। साथ ही उन्होंने राज्य के लोगों की खुशहाली और तरक्की की कामना की।
इफ्तार पार्टी में कई मंत्री और विधायक भी शामिल हुए
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन सहित सभी मेहमानों ने मिलकर दुआ की। सभी ने राज्य में शांति, विकास और भाईचारे के लिए प्रार्थना की। रोज़ेदारों ने नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन की दुआ मांगी। इस इफ्तार पार्टी में कई मंत्री और विधायक भी शामिल हुए, जिनमें राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

