ईद से पहले बढ़ी गैस की मांग, एजेंसियों के बाहर लगी लोगों की लंबी लाइनें; चिंता में उपभोक्ता
Wednesday, Mar 18, 2026-04:42 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के जमशेदपुर के मानगो इलाके में इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। नए नियम और ईद के त्योहार की तैयारी के कारण अचानक गैस की मांग बढ़ गई है, जिससे उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल है।
जिले के मानगो क्षेत्र में रसोई गैस के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। सरकार के नए नियम के अनुसार अब 25 दिनों के बाद ही गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग की जा सकती है। इस नियम के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर बुक कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। ईद-उल-फितर के नजदीक आने और रमजान के महीने के चलते गैस की मांग अचानक बढ़ गई है। मानगो मुस्लिम बहुल इलाका है, जहां लोग रोजा और त्योहार की तैयारियों में लगे हुए हैं।
सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन लग जाती है, जो दोपहर 3 बजे तक सबसे ज्यादा रहती है। इफ्तार के समय भीड़ थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन शाम और रात में फिर लोग बुकिंग के लिए पहुंचने लगते हैं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एजेंसी में कई कंप्यूटर लगाए गए हैं ताकि बुकिंग जल्दी हो सके। संचालकों का कहना है कि लोग घबराएं नहीं, सभी को गैस मिलेगी।
शहर के अन्य इलाकों की तुलना में मानगो में ज्यादा दबाव है। यहां पहले से ट्रैफिक की समस्या रहती है और अब भीड़ के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। एजेंसी संचालकों के अनुसार ईद तक ऐसी ही भीड़ रहने की संभावना है, उसके बाद हालात सामान्य हो जाएंगे।

