"हेमंत सरकार के संरक्षण में झारखंड में चल रहे हैं पेपर लीक कराने वाले गिरोह", PM Modi का निशाना

Thursday, Oct 03, 2024-03:14 PM (IST)

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। मोदी ने बीते गुरुवार को हजारीबाग के मटवारी मैदान में भाजपा की परिवर्तन महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में इतना बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया।

"झारखंड के साथ BJP का एक विशेष रिश्ता बन गया"
मोदी ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार के संरक्षण में झारखंड में पेपर लीक कराने वाले गिरोह चल रहे हैं। लाखों रुपए में लेकर पेपर बेचा जा रहा है और झारखंड के युवाओं का हक मारा जा रहा है। पेपर लीक के माध्यम से करोड़ों रुपए कमाए जा रहे हैं। ये पैसे उपर बैठे उनके मालिकों तक पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती ने जनजातीय संस्कृति को संजोया है। झारखंड के साथ भाजपा और उनका एक विशेष रिश्ता बन गया है। ये रिश्ता दिल का रिश्ता है। साझे सपनों का रिश्ता है। इसलिए झारखंड उन्हें बार-बार बुलाता है और वे बार-बार दौड़े चले आते हैं। मोदी ने कहा कि आज उन्हें गर्व है कि उनकी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है। ये भाजपा है, जिसने आदिवासी म्यूजियम बनाने का अभियान शुरू किया है। रांची में भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित म्यूजियम बना है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गयी है। मोदी ने कहा कि आज से झारखंड में परिवर्तन की शुरुआत हो गयी है। झारखंड के विकास के लिए, हर गरीब को घर मिले, इसके लिए परिवर्तन की शुरुआत हो गयी है। हर घर को जल का कनेक्शन, भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए, जल, जंगल, जमीन की हिफाजत के लिए, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए बदलाव शुरू हो गया है।

"आज भी कांग्रेस आरक्षण खत्म करने की बात कर रही है"
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसी नीतियां बनाई थी जिससे कि एससी, एसटी, ओबीसी के लोग आगे न बढ़ पाएं। इसलिए कांग्रेस हमेशा एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण खत्म करने का बात करती है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार है एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता है। कांग्रेस का चरित्र ही दलित, वंचित, आदिवासी विरोधी है। आज भी कांग्रेस आरक्षण खत्म करने की बात कर रही है। मोदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए कहा कि हेमंत सरकार की विदाई होने से पहले इन्होंने भ्रष्टाचार की स्पीड और स्केल दोनों को बढ़ा दिया है। पिछले 2 हफ्तों में झारखंड में हजारों की तादाद में ट्रांसफर हुए है। ट्रांसफर-पोस्टिंग इनका बहुत बड़ा उद्योग है। इसके बहाने इन्होंने करोड़ों रुपए बनाए हैं, लेकिन अब ये खेल ज्यादा दिन नहीं चलने वाला है। जल्द ही झारखंड में सरकार भी बदलेगी और इस लूट के पाई-पाई का हिसाब होने वाला है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static