भीषण सड़क हादसे में सांसद प्रतिनिधि के बेटे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Saturday, Apr 25, 2026-05:39 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव में नेशनल हाइवे पर स्कॉर्पियो और बुलेट के बीच शनिवार को भीषण टक्कर हो गई, जिससे बुलेट सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई तथा दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान जिले पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव निवासी और भाजपा सांसद वीडी राम के प्रतिनिधि ईश्वरी पांडे के पुत्र आकाश पांडे के रूप में हुई है।
हाईवे से नीचे खाई में गिरी स्कॉर्पियो
घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए एमएमसीएच में भेज दिया। हादसे में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खाई में गिर गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पांडव थाना प्रभारी ने बताया की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह 8:00 बजे की है। स्कॉर्पियो पड़वा की ओर से जबकि बुलेट मेदिनीनगर की तरफ से आ रहा था। इसी क्रम में स्कॉर्पियो और बुलेट की आमने सामने टक्कर हो गई, जिसमे बुलेट सवार आकाश पांडे की मौके पर मौत हो गई। दो लोग जख्मी हुए हैं उन्हें इलाज के लिए भेजा जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इधर घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता एमएमसीएच पहुंच गए हैं और घटना पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है पोस्टमाटर्म के बाद डेड बॉडी परिजनों को सौंपी जाएगी।

