झारखंड में मक्खियों का आतंक...1000 गांव के लोग परेशान, डर से चेहरे पर मच्छरदानी लगाकर घूम रहे ग्रामीण

Friday, May 12, 2023-12:13 PM (IST)

पूर्वी सिंहभूम: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के गांवों में मक्खियों ने आतंक फैलाया हुआ है। मक्खियों के आतंक से ग्रामीण इस कदर परेशान हैं कि वह दिन- रात अपने चेहरे को मच्छरदानी से ढक कर रखते हैं।

मक्खियों की वजह से चेहरे पर मच्छरदानी लगाने को मजबूर ग्रामीण
मामला जिले के पश्चिम बंगाल और ओडिशा सीमावर्ती गांवों का है। यहां लगभग 1000 गांव मक्खियों के आतंक से परेशान हैं। इन मक्खियों के आतंक बचने के लिए ग्रामीण 24 घंटे अपने चेहरे को मच्छरदानी से ढक कर रहते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि छोटी-छोटी मक्खियां हैं जो एक समूह में रहती हैं। ये अचानक चेहरे के पास आकर भिनभिनाने लगती हैं और फिर आंखों पर हमला बोलती हैं। मक्खियों के आंखों में घुस जाने से आंखों में बहुत जलन होने लगती है और पानी निकलना शुरू हो जाता है, जिसके डर से लोग हर वक्त मच्छरदानी से चेहरे को ढक कर रखते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन मक्खियों से हम परेशान हो गए हैं। कैसे छुटकारा मिले कुछ समझ में नहीं आ रहा है।

स्कूली बच्चे भी हैं परेशान
वहीं, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी मक्खियों से परेशान हैं। वह स्कूल में पढ़ाई करते वक्त अपने चेहरे पर हमेशा हाथ हिलाकर मक्खियां भगाते रहते हैं। स्कूल के शिक्षक बताते हैं कि जब भी पढ़ाने बैठे हैं ना जाने कहां से मक्खियां आकर चेहरे के आसपास भिनभिनाने लगती हैं। बता दें कि जिले के घाटशिला अनुमंडल बंगाल और ओडिशा से सटा है। पहाड़ी और जंगल इलाका होने के कारण अधिकतर गांव जंगल के पास बसा है, जिसके कारण ग्रामीणों को इन मक्खियों को झेलना पड़ रहा है।

"इससे इंफेक्शन का है डर"
घाटशिला अनुमंडल के प्रभारी चिकित्सक डॉ शंकर टुडू ने बताया कि मौसम प्रकोष्ठ के कारण मक्खियों का आतंक बढ़ा है। मक्खियां इंसानों और जानवरों के लिए खतरनाक रोग फैलाने वाले जीवाणु फैलाती हैं, इससे इंफेक्शन का डर है। डॉ शंकर टुडू ने यह भी बताया कि इसे भगाने के लिए कोई छिड़काव का समाधान भी नहीं होता है। साफ-सफाई बनाकर रखने से ही मक्खियां को भगाया जा सकता है। बारिश और तूफान आने से मक्खियां स्वत: नष्ट हो जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static