Mainiyan Samman Yojana: हेमंत सरकार ने महिलाओं के चेहरों पर लाई मुस्कान, Diwali के पहले खाते में डाल दिए पैसे
Sunday, Oct 19, 2025-12:37 PM (IST)
Mainiyan Samman Yojana: दीपावली से पहले हेमंत सरकार ने झारखंड की महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। जी हां, हेमंत सरकार ने दीपावली से पहले महिलाओं के खाते में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि (2500) भेज दी है।
त्यौहारों से पहले महिलाओं के खाते में आई मंईयां सम्मान योजना की राशि
यह राशि दीपावली, गोवर्धन पूजा, काली पूजा, सोहराय, बरद खूंटा, बांदना पर्व, भैया दूज, चित्रगुप्त पूजा तथा सूर्योपासना के महापर्व छठ जैसे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए समय से पहले उपलब्ध कराई गई है, ताकि लाभुकों को पर्व-त्योहारों में किसी प्रकार की आर्थिक कठिनाई न हो। वैसी महिलाएं जिन्हें पिछली किस्त की राशि नहीं मिल पाई थी उनके लिए इस बार दोहरी खुशी मिलने वाली है। जी हां, उन्हें अब सरकार एक साथ दोनों क़िस्त की राशि के रूप में कुल ₹5000 की राशि का भुगतान करने वाली है।
"यह त्यौहार आप सभी अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी मनायें"
सीएम हेमंत ने भी सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू हुआ है। दिवाली, काली पूजा, सोहराय, गोहाल पूजा, बांधना पर्व, भाई दूज, चित्रगुप्त पूजा और छठ पर्व भी आने वाला है। त्योहारों के इस उमंग को कई गुना करने के लिए राज्य सरकार द्वारा मइयां सम्मान योजना की राशि भी सभी मइयां को भेजी जा रही है। यह त्यौहार आप सभी अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी मनायें, आप सभी स्वस्थ रहें, यही कामना करता हूं। जोहार!
बता दें कि झारखंड मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के तहत, महिलाओं को प्रति वर्ष 30000 रुपये की राशि मिलती है, जिसमें से 2500 रुपये मासिक भुगतान के रूप में दिए जाते हैं। सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सहायता प्रदान करना है।

