Jharkhand Assembly Election: बरहेट व गांडेय में 20 नवंबर को मतदान, जानें CM हेमंत व कल्पना किस तारीख को करेंगे नामांकन

Saturday, Oct 19, 2024-12:48 PM (IST)

 रांची: झारखंड में विधानसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। चुनावों को दो चरणों में संपन्न करवाया जाएगा। 13 नवंबर को होने वाले पहले चरण के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू हो   गई है। वहीं 20 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के चुनावों के लिए उम्मीदवारों का नामांकन 22 अक्टूबर से शुरू होगा। इसी क्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री और गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बीते शुक्रवार को नामांकन पर्चा खरीद लिया है। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार, दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा  क्षेत्र से, वहीं कल्पना मुर्मू सोरेन गांडेय विधानसभा क्षेत्र से 24 अक्टूबर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
 
CM हेमंत शहीद सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद करेंगे नामांकन

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम हेमंत सोरेन  23 अक्टूबर को साहिबगंज पहुंच जाएंगे। रात्रि विश्राम पतना आवास में करेंगे। सुबह भोगनाडीह में शहीद सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पर्चा दाखिल करने के लिए जिला मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। बता दें कि 2 बार बरहेट से हेमंत सोरेन चुनाव जीत चुके हैं। वहीं कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा उपचुनाव 2024 में बीजेपी के दिलीप वर्मा को 27,149 वोटों से हराकर सीट पर कब्जा किया था। कल्पना सोरेन को 1,09,827 वोट मिले थे, जबकि दिलीप वर्मा को 82,678 वोट मिले थे। इस सीट से कल्पना सोरेन ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी।

बता दें कि आज यानी शनिवार (19 अक्टूबर) को राहुल गांधी झारखंड दौरे पर हैं। इस दौरान राजधानी के शौर्य सभागार में संविधान सम्मेलन में भाग लेंगे। साथ ही राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और सीएम हेमंत सोरेन के साथ बैठक कर सीट शेयरिंग पर भी अंतिम मुहर लगा सकते हैं। गौरतलब है कि चुनावी व्यस्तता के बीच समय निकालकर बीते शुक्रवार को हेमंत सोरेन पत्नी विधायक कल्पना सोरेन व मां रूपी सोरेन के साथ पैतृक गांव नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने कुलदेवता की पूजा कर आर्शीवाद लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static