4 सितंबर से पूर्वी क्षेत्र बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा झारखंड, अंडर-19 आयु वर्ग व सीनियर वर्ग खेल खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
Saturday, Aug 30, 2025-04:17 PM (IST)

जमशेदपुर: 6 राज्यों के लगभग 180 खिलाड़ी 4 सितंबर से शुरू हो रही चार दिवसीय पूर्वी क्षेत्र बैडमिंटन चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मेजबान झारखंड के खिलाड़ी चैंपियनशिप के दौरान सीनियर और अंडर-19 वर्ग के एकल, युगल और मिश्रित स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
झारखंड बैडमिंटन संघ (जेबीए) के सचिव के. प्रभाकर राव ने कहा कि चयनित खिलाड़ियों ने राज्य चैंपियनशिप में असाधारण प्रतिभा और समर्पण दिखाया है। राव ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि वे क्षेत्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व शानदार खेल भावना और जज्बे के साथ करेंगे।''
इस प्रतियोगिता में झारखंड के अंडर-19 आयु वर्ग व सीनियर वर्ग खेल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम की घोषणा कर दी गयी है। टीम का चयन हजारीबाग में 22-24 अगस्त तक आयोजित झारखंड स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। झारखंड टीम में पीहू सिंह, समृद्धि हेंब्रम, अबू रियान, सचिन गोप, युवराज कुमार, योगिता बोरा, सारा शर्मा, अनन्या सिंह, कृष दुबे, सूरज प्रताप सिंह, शफी अकरम, मनीषा राना तिर्की, हर्षित राज, नीरज केसरी, कृतन अग्रवाल, रौनक नेगी, सृष्टि सुमन, अनामिका घोष, आकाश पंडित व हर्षित राज शामिल है।