Jharkhand Weather: शीत लहर से कांपा झारखंड, लुढका पारा.... 5.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सिमडेगा सबसे ठंडा
Friday, Nov 28, 2025-09:18 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड के कई हिस्सों में पारा लुढ़क गया और सबसे कम 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान सिमडेगा में दर्ज किया गया। भारत मौसम विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में औसत न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। विभाग ने कहा कि तापमान में गिरावट उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण हुई है, जो झारखंड के निचले क्षोभमंडल स्तर पर प्रबल होती हैं।
अगले पांच दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि
गुमला और खूंटी में तापमान क्रमश: पांच और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोहरदगा और हजारीबाग में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.3 और 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य की राजधानी रांची में 8.5 डिग्री सेल्सियस, लातेहार में 8.2 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, "न्यूनतम तापमान एक दिन और इतना ही रह सकता है। इसके बाद अगले पांच दिनों में इसमें 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।"
मंत्री ने दिये अलाव जलाने के निर्देश, ठंड से बचाने के लिए 24 जिलों को 79 लाख रुपये
इस बीच, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को ठंड से बचाने के लिए 24 जिलों को 79 लाख रुपये जारी किए हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों (डीसी) को प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “शीतलहर का सबसे अधिक असर गरीब परिवारों पर पड़ता है। इसलिए यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो।

