झारखंड कांग्रेस के विधायक दिल्ली रवाना, कल मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी के साथ करेंगे बैठक; राज्य में सियासी हलचल तेज
Wednesday, Feb 05, 2025-05:46 PM (IST)
रांची: झारखंड कांग्रेस के मंत्री और विधायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में राष्ट्रीय पार्टी नेतृत्व के साथ चुनाव उपरांत घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए आज यानी बुधवार को दिल्ली रवाना हो गए। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि झारखंड के नेताओं की गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बैठक तय है।
कल मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी के साथ विधायकों की बैठक
कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने बताया, ‘‘बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों, विशेषकर आगामी बजट, नगर निकाय चुनाव और पार्टी मंत्रियों के प्रदर्शन पर चर्चा की जाएगी।'' उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ यह पहली औपचारिक बैठक होगी। शांति ने बताया, ‘‘चुनाव के दौरान झारखंड की जनता से किए गए वादों और गारंटी की प्रगति के बारे में राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का एक बड़ा वादा पहले ही पूरा किया जा चुका है।''
सोनल शांति ने कहा कि झारखंड में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने हाल ही में मुख्यमंत्री से राज्य में निकाय चुनाव पार्टी आधार पर कराने का आग्रह किया था। अप्रैल 2023 से लंबित शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव राज्य में पार्टी चिन्ह के बिना आयोजित किए जा रहे हैं।