झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, स्पीकर ने पक्ष-विपक्ष के सदस्यों को दिया धन्यवाद
Friday, Mar 28, 2025-11:16 AM (IST)

रांची: बीते गुरुवार को झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अपने समापन भाषण में पक्ष-विपक्ष के सदस्यों को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही बजट सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन या भोजनावकास के बाद अपने समापन भाषण में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार यदि राज्य का बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपए दे दें तो झारखंड कई दूसरे राज्यों को कर्ज देने में भी सक्षम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के हर प्रमुख अस्पतालों में हैलीपैड की व्यवस्था करेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर गरीब से गरीब व्यक्ति को भी हवाई एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। झारखंड ऐसा करने वाला पहला राज्य होगा। परिसीमन को लेकर भी उन्होंने आर-पार की लड़ाई की घोषणा की।
"विपक्ष लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहा"
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने उन्हें फिर से चुना है और उनकी सरकार मजबूती से वापस आई है। उन्होंने विपक्ष पर षड्यंत्र करने और सत्ता हथियाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने अपनी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों, महिलाओं और छात्रों के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा और सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं कीं। सोरेन ने कहा कि देश की जनता अब सच्चाई जान चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का असली चेहरा सामने आ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि वे सिर्फ सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं। वे जनादेश मिलने के बाद भी विधायकों को तोड़कर सरकार बनाने की कोशिश करते हैं। सोरेन ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि देश के ज्यादा से ज्यादा राज्यों में उनकी सरकार हो। उन्होंने कहा कि आज राजनीति में विपक्ष इतना नीचे गिर गया है, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। आजादी के बाद कभी इस तरह की राजनीति देखने को नहीं मिली। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अजीब स्थिति बनी हुई है। विपक्ष लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहा है। सोरेन ने कुंभ स्नान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी वहां जाने की सोची थी, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाए। उन्होंने कॉमनल मॉडल बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था आईसीयू में है।
"कुछ दिनों में दिवाली में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं"
मुख्यमंत्री ने सांप्रदायिक तनाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले रामनवमी और मोहर्रम में तनाव होता था, लेकिन अब होली में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ दिनों में दिवाली में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि जितनी ताकत नकारात्मक चीजों पर लगाई जा रही है, उतनी ही सकारात्मक चीजों पर लगानी चाहिए। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार धान के साथ तसर, लाह, करंज समेत अन्य कृषि उत्पादों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाने जा रही है। उन्होंने सीएम एक्सेलेंसी योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इसमें मात्र 9000 सीट है। उन्होंने कहा कि राज्य के 35 हजार से अधिक बच्चों ने इसमें एडमिशन के लिए परीक्षा दिया है। उन्होंने कहा कि आईआईटी और मेडिकल में इन स्कूलों के बच्चे बड़ी संख्या में सफल होंगे।