झारखंड में NDA के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी JDU, जदयू कार्यसमिति की बैठक में लिया गया फैसला

Tuesday, Sep 10, 2024-11:33 AM (IST)

रांची: झारखंड में जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बीते सोमवार को पुराना विधानसभा स्थित विधायक क्लब परिसर में हुई। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा बतौर मुख्य अतिथि कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने की। संचालन महासचिव श्रवण कुमार ने किया।

मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष झा ने कहा कि जदयू गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इस निमित बातचीत जारी है। नीतीश कुमार चाहते है पार्टी झारखंड में पुन: खड़ी हो। बिहार के बाद पार्टी की सबसे अधिक संभावना झारखंड में है। जदयू का झारखंड में बड़ा आधार था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश दिया कि एक महीने के अंदर विभिन्न विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन करें। जनता से जो रिपोर्ट मिल रहा है उसके अनुसार राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री सरयू राय पुराने नेता है उनके पार्टी में आने से राष्ट्र स्तर पर एक अच्छा संदेश गया है। जदयू के झारखंड प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार के मंत्री डॉ अशोक चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन मजबूत किया है और मजबूती की ज़रूरत है। उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष को राज्यसभा भेज नीतीश कुमार ने झारखंड के प्रति अपना प्रेम दिखाया।

अशोक चौधरी ने कहा कि हम गठबंधन में जायेंगे, पार्टी का झारखंड में बहुत क्षमता है। उन्होंने कहा पार्टी हर प्रमंडल में एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि हम पीछे खड़े है, आप लोग आगे बढि़ये। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ख़ुशी है कि सभी पुराने साथी पार्टी के साथ है। सरयू राय और खीरू महतो की जोड़ी झारखंड में पार्टी को मज़बूत करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश के कार्यकर्ता कभी निराश नहीं होते, पूरे दमख़म से पार्टी चुनाव लड़ेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कहा कि लोकसभा में पार्टी ने एनडीए के साथियों का सहयोग किया। अब विधानसभा में बेहतर तालमेल हो। विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड में जदयू का संगठन मजबूत है कोई गलतफहमी में ना रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे पूरा करेंगे। बैठक में जदयू के प्रदेश प्रभारी और मंत्री डॉ अशोक चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, जदयू के सह प्रभारी और विधान परिषद सदस्य विजय सिंह, सह प्रभारी और बेलहर विधायक मनोज यादव, विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, पूर्व विधायक कामेश्वर दास समेत जदयू के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं कार्यसमिति सदस्य उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static