झारखंड में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर हुई अंतरराज्यीय सीमा बैठक, की गई ये चर्चा

Tuesday, Oct 01, 2024-05:47 PM (IST)

दुमका: झारखंड में संताल परगना दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्रांति कुमार गढ़ीदेसी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के पुलिस पदाधिकारी के साथ बीते सोमवार को ऑनलाइन अंतरराज्यीय सीमा की बैठक आयोजित की गई।

अंतरराज्यीय सीमा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक क्रांति कुमार ने पश्चिम बंगाल के वीरभूम प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक से झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के मसले पर विशेष जानकारी साझा किया गया। उन्होंने बैठक में घटना मुक्त चुनाव संपन्न कराने में पश्चिम बंगाल के पुलिस पदाधिकारियों से सहयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमावर्ती सभी जिलों से अवैध शराब के परिवहन एवं रोकथाम के संबंध में विशेष दिशा निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने अवैध धनराशि का परिवहन नहीं हो इसके लिए चेक पोस्ट बनाने एवं कड़ी निगरानी करने, मादक पदार्थों के परिवहन की रोकथाम के लिए चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने के संबंध में भी विशेष दिशा निर्देश दिए। उन्होंने झारखंड राज्य के फरार अभियुक्तों के एवं पश्चिम बंगाल राज्य के कांडो में संलिप्त फरार एवं वारंटी अभियुक्तों के सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर भी विशेष दिशा निर्देश दिए।        

वहीं पश्चिम बंगाल के वीरभूम प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने भरोसा दिया कि संताल परगना दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सुगमतापूर्वक पालन किया जायेगा। बैठक में झारखंड के संताल परगना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव कुमार एवं दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार,जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज तथा पश्चिम बंगाल के वीरभूम और आसनसोल के पुलिस अधीक्षक के साथ पश्चिम बंगाल के वरीय पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। सभी वरीय पुलिस अधिकारियों ने दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने में सहयोग का करने का वादा किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static