"I Am Sorry, प्लीज मुझे माफ कर दो!", BSS महिला कॉलेज में पोस्टर बना चर्चा का केंद्र, खंगाली जा रही CCTV फुटेज
Thursday, Apr 09, 2026-03:19 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के धनबाद जिले के बीएसएस महिला कॉलेज में गुरुवार सुबह एक अनोखा पोस्टर दिखाई दिया, जिसने कॉलेज की छात्राओं और राहगीरों का ध्यान खींचा। छात्राएं पोस्टर को देखकर ठहाके लगा रही थीं और मोबाइल में इसकी तस्वीरें कैद कर रही थीं।
पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल
पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा था: “आई एम सारी डिंपी, मुझसे गलती हो गई, प्लीज मुझे माफ कर दो!” साथ ही यह भी लिखा गया था कि भविष्य में वह ध्यान रखेगा और ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। पोस्टर को और आकर्षक बनाने के लिए दिल और फूल भी बनाए गए थे। महिला कॉलेज होने की वजह से पोस्टर ने छात्राओं में खासा उत्सुकता पैदा कर दी। कई छात्राएं इसे सच्चे प्यार का इजहार मान रही थीं, तो कुछ इसे मजाकिया अंदाज में देख रही थीं। पोस्टर अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। इंस्टाग्राम पर रील बनाकर इसे शेयर किया जा रहा है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
कुछ लोग इसे क्रिएटिव तरीका बता रहे हैं, वहीं कुछ का कहना है कि सार्वजनिक जगह पर निजी भावनाओं का प्रदर्शन ठीक नहीं है। इस मामले में कॉलेज की प्राचार्या डा. करुणा ने कहा कि उन्हें पोस्टर की जानकारी नहीं थी। जैसे ही जानकारी मिली, इसे गेट से हटा दिया गया और अब सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है कि किसने यह पोस्टर लगाया।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि डिंपी तक माफी पहुंची या नहीं, लेकिन इतना तय है कि इस पोस्टर ने बीएसएस महिला कॉलेज के गेट को थोड़े समय के लिए ‘लव स्टोरी स्पॉट’ बना दिया।

