25 लाख का इनामी नक्सली ‘टाइगर'' गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों के लिए बना हुआ था चुनौती

Friday, Jul 17, 2026-04:44 PM (IST)

गिरिडीह: झारखंड में गिरिडीह जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख रुपए के इनामी घोषित कुख्यात नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का निवासी है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। 

100 से अधिक गंभीर मामले हैं दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह स्थित करमू मांझी के घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर में छिपे अजय महतो उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ मौजूद दो अन्य संदिग्ध नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से पुलिस की विशेष टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजय महतो भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य तथा पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लेवी वसूली, लूट, पुलिस बल पर हमले, आईईडी विस्फोट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। उसने गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया था। 

झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह उपायुक्त पहले ही अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेज चुके थे, जिसे गृह विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है। गिरफ्तारी के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि अजय महतो की गिरफ्तारी नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि शेष सक्रिय नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। 
-


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static