पति ही निकला पत्नी का कातिल, पिता के साथ मिलकर रची थी साजिश; पुलिस ने खोला राज

Sunday, May 03, 2026-11:52 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। 

लूट नहीं, साजिश थी
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह हत्या कोई लूटपाट की घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम थी, जिसमें मृतका के पति की ही मुख्य भूमिका सामने आई है। घटना 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:15 बजे की है, जब कोले रेलवे स्टेशन के समीप बाइक सवार दंपत्ति पर अज्ञात अपराधियों ने गोली चला दी थी। इस हमले में मंजू देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति विकास प्रजापति घायल हो गए थे। घायल विकास के बयान के आधार पर केरेडारी थाना कांड संख्या 53/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 

पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था विकास
एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब विकास प्रजापति से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि पारिवारिक कलह के कारण वह अपनी पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। इसी योजना के तहत उसने अपने पिता नरेश प्रजापति और सहयोगी सुनील गंझू व लालेश्वर गंझू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 

खुद को भी गोली लगवाकर रची कहानी
योजना के मुताबिक, सुनिल और लालेश्वर पहले से हेन्देगीर-कोले के बीच जंगल क्षेत्र में घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही विकास अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा, दोनों ने देशी कट्टे से मंजू देवी को गोली मार दी। शक से बचने के लिए विकास ने खुद को भी गोली लगने की कहानी गढ़ी और अपने हाथ में गोली लगवाई। पुलिस ने विकास की निशानदेही पर उसके पिता नरेश प्रजापति और लालेश्वर गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल और एक काला पर्स भी बरामद किया गया है। 

हालांकि इस मामले में एक अन्य आरोपी सुनील गंझू अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ बड़कागांव पवन कुमार, केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार सहित तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static