कांग्रेस और AAP सहित सैकड़ों ने ली BJP की सदस्यता, बाबूलाल मरांडी बोले- खतरे में है इंडी गठबंधन का वजूद

Friday, Aug 23, 2024-10:59 AM (IST)

रांची: 23 अगस्त को राज्यव्यापी युवा आक्रोश रैली में अधिक से अधिक भागीदारी का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने युवाओं व लोगों से आह्वान किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में इंडी गठबंधन का वजूद खतरे में है। डूबती नाव से लोग भाग रहे हैं। ये बातें बाबूलाल मरांडी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह कार्यक्रम में कही।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीजेपी अभी प्रदेश में संघर्ष कर रही है और सत्तारूढ़ दल को छोड़कर बीजेपी में शामिल होकर इस संघर्ष का साथी बनना एक बड़ी बात है। आप लोगों के योगदान से केवल सरायकेला, जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को ताकत और बल मिलेगा। साथ ही इससे राज्य में एक अच्छा मैसेज भी जाएगा। मरांडी ने कहा कि आप सभी का यह कदम स्वागत योग्य है। संघर्ष के साथियों का भाजपा में स्वागत है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड प्रदेश की जो हालत है, वह किसी से छुपा हुआ नहीं है। झारखंड सरकार हर मोर्चे पर विफल है। राज्य सरकार ने राज्य के युवा, किसान, महिला, आदिवासी, दलित, पिछड़ा यानि सभी वर्ग को ठगने का काम किया है।

मरांडी ने कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार के पाप का घड़ा पूरी तरह भर चुका है, यह सरकार बस अब कुछ दिनों की मेहमान है। विधानसभा चुनाव अब काफी नजदीक है। हम सभी को मिलकर इस वर्तमान भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को यहां से हटाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में भय का वातावरण है। युवाओं को नौकरी के नाम पर कैसे- कैसे छला गया, किसी से छुपा नहीं है। इसलिए राज्य हित में इस सरकार का जाना ही एकमात्र समाधान है। उन्होंने 23 अगस्त को राज्यव्यापी युवा आक्रोश रैली में मिलन समारोह में पार्टी का दामन थामने वालों सहित राज्य के युवाओं व लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। कहा कि सभी के सहयोग से 2024 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।

मिलन समारोह में कांग्रेस नेता सह इंटक के प्रदेश सह सचिव चंदन कुमार सिंह, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उप संयोजक प्रेम कुमार, सरायकेला खरसावां कांग्रेस के जिला महामंत्री विनोद कुमार सिंह, सरायकेला खरसावां कांग्रेस के जिला सचिव राम विचार राय, कांग्रेस नेता नीरज कुमार सिंह, शैलेश गुप्ता, पंकज कुमार सिंह राघवेंद्र सिंह, संजय कुमार सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static