जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या, दान पेटी लूटकर फरार हुए अपराधी; इलाके में दहशत का माहौल

Friday, Apr 24, 2026-04:00 PM (IST)

Jharkhand Crime: झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अज्ञात चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और दान पेटी समेत कई सामान चुरा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने ड्यूटी पर मौजूद गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या कर दी। 

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मंदिर समिति की ओर से प्रारंभिक तौर पर पांच लाख रुपए की सहायता राशि देने की बात कही गई है, ताकि परिवार और बच्चों के भरण-पोषण में मदद मिल सके। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि गार्ड मंदिर परिसर में सो रहा था, तभी चोर अंदर घुसे और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। 

PunjabKesari

शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने गार्ड का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय अपराधियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static