पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, प्रिंस खान गिरोह के तीन शूटर गिरफ्तार
Monday, Mar 16, 2026-04:41 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र के भागाबांध ओपी इलाके में सोमवार को रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के शूटरों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि भागने के दौरान एक अन्य अपराधी का पैर टूट गया। पुलिस ने तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सभी आरोपियों से पूछताछ जारी
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय शूटर हैं और रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड में शामिल थे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य लगातार कई कारोबारियों से रंगदारी की मांग कर रहे हैं और भागाबांध ओपी क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पूरे इलाके में पुलिस की सतकर्ता बढ़ाई गई
मुठभेड़ के दौरान विक्की डोम और अमन सिंह को गोली लगी, जबकि भागने के दौरान अफजल उर्फ अमन घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतकर्ता बढ़ा दी गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। ज्ञातव्य है कि बीते शनिवार की रात प्रिंस खान गिरोह के शूटरों ने रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में घुसकर संचालक के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से पुलिस इस वारदात में शामिल अपराधियों की तलाश कर रही थी।

