झारखंड में लगातार बारिश से स्वर्णरेखा व खरकई नदी का बढ़ा जलस्तर, खतरे की बजी घंटी! प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
Sunday, Jun 29, 2025-05:24 PM (IST)

Jharkhand Weather: झारखंड में 2 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश (Heavy Rain) की चेतावनी जारी की गयी है। लगातार 4 दिनों तक भयंकर बारिश का पूर्वानुमान है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा व खरकई नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
जमशेदपुर के डीसी कर्ण सत्यार्थी ने जिले के खरखई एवं स्वर्णरेखा नदी के किनारे तथा अन्य निम्न इलाकों में निवास करने वाले नागरिकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। भारी बारिश के दौरान सुरक्षित ऊंचे स्थानों में शरण लें, नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी और मध्यवर्ती जिलों में आज यानी रविवार को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है। जिन जिलों में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है उनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। झारखंड के 7 जिलों में 30 जून को भयंकर बारिश हो सकती है। खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले में बहुत भारी बारिश हो सकती है। 1 जुलाई को झारखंड के 6 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें गुमला, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। खूंटी समेत 8 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झारखंड के 10 जिलों में कहीं-कहीं पर 2 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। इनमें रांची, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम शामिल है।