3 मुख्यमंत्रियों की मुलाकात पर दीपक प्रकाश ने कसा तंज, कहा- भ्रष्टाचार के संरक्षकों का हुआ संगम

Saturday, Jun 03, 2023-10:54 AM (IST)

रांचीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में तीन मुख्यमंत्रियों अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और हेमंत सोरेन की मुलाकात पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज यहां भ्रष्टाचार के संरक्षक तीन मुख्यमंत्रियों का संगम हुआ है।

दीपक प्रकाश ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के पोषक और संरक्षक तीन मुख्यमंत्रियों के संगम ने आज भगवान बिरसा मुंडा की पवित्र भूमि को अपवित्र किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की दबिश बढ़ी है जिसके कारण भ्रष्टाचारी और उनके संरक्षक बेचैन हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने वालों की पोल खुल चुकी है। अन्ना हजारे के आदर्शों को ठेंगा दिखाने वाली आप पार्टी के सरकारों की कथनी और करनी का अंतर उजागर हो चुका है।

दीपक ने कहा कि आज शराब घोटाले में केजरीवाल सरकार के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया और दूसरे मंत्री सत्येंद्र जैन जेल की सलाखों के पीछे हैं। प्रकाश ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री का चरित्र तो जगजाहिर है, वहीं उनकी सरकार भी डेढ़ वर्षों में ही भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में डेढ़ वर्षों में ही दो मंत्रियों विजय सिंगला और सौजा सिंह को भ्रष्टाचार के आरोप में भाजपा के आंदोलन पर बर्खास्त करना पड़ा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार द्वारा बढ़ाई गई बिजली दर पर बोलते हुए कहा कि बिजली दर घटाने की बात करके सत्ता प्राप्त करने वाली गठबंधन सरकार आज गरीबों,किसानों और आम जनता पर कहर ढा रही है। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी राज्य सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर वैट कम नहीं करके जनता को निराश ही किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ ऊर्जा विभाग सहित पूरी राज्य सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है, तो दलालों, बिचौलियों और नौकरशाहों के ठिकानों से करोड़ों रुपए बरामद हो रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Diksha kanojia

Related News

static