गठबंधन सरकार ने झारखंड को बर्बाद और तबाह करने का किया है काम: शिवराज सिंह चौहान

Thursday, Jul 18, 2024-10:21 AM (IST)

रांची: केंद्रीय मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान झारखंड दौरे पर हैं। हटिया विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में भाग लेकर कार्यकर्ताओ को सम्मानित किया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गठबंधन सरकार ने झारखंड राज्य को बर्बाद और तबाह करने का काम किया है जिसका गुस्सा झारखंड की जनता में है। चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सोरेन सरकार ने झारखंड में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा कर दी हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार की नित्य नई परिभाषा गढ़ी जा रही है। राज्य में घोटालों और भ्रष्टाचार से जनता त्राहिमाम कर रही है। चौहान ने कहा कि झारखंड में अपराध भी चरम सीमा पर है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले साढ़े चार साल में 7 हजार 812 हत्याएं हुई। इनकी सरकार में 7 हजार 115 बलात्कार हुए। झारखंड की धरती पर 6 हजार 937 अपहरण हुए। दंगे 8 हजार 592 हुए। लूट 2 हजार 721 हुईं। डकैती 485 हुई और संघेय अपराध 2 लाख 73 हजार 261 हुए।

चौहान ने कहा कि रुबिका जैसी बिटिया के टुकड़े-टुकड़े कर के और एक नहीं 50-50 टुकड़े कर फेंकने का काम इस सरकार में अपराधी करते हैं। इस सरकार को शर्म आनी चाहिए, जो बहनों और बेटियों की इज्जत नहीं बचा सकती। उनका अपमान करती है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं इस सरकार में घुसपैठिए जनजाति बेटियों से शादी कर जमीनें हड़प कर हकदार भी बन रहे हैं और उनके नाम से चुनाव तक लड़ रहे हैं।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री तीसरी बार झारखंड का दौरा कर रहे हैं। उनके 20 जुलाई को होने वाली कार्यकारिणी समिति की बैठक की तैयारियों का भी जायजा लेने की भी संभावना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static