CM हेमंत ने इंडियन बैंक के MD बिनोद कुमार से की मुलाकात, जानें किन मुद्दों पर हुई चर्चा
Wednesday, Nov 05, 2025-11:09 AM (IST)
Ranchi News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इंडियन बैंक के एमडी और सीईओ बिनोद कुमार ने रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पर शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर महाप्रबंधक चंद्रशेखरन वी, मुख्य महाप्रबंधक विवेक और क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश शरण भी मौजूद थे।
एमडी बिनोद कुमार ने मुख्यमंत्री को इंडियन बैंक की झारखंड में मजबूत उपस्थिति और विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राज्य की आर्थिक प्रगति में बैंक की भूमिका और खासतौर पर एमएसएमई, रियल एस्टेट और क्लस्टर विकास क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से मुद्रा ऋण वितरण के लिए मेले आयोजित करने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा, बैंक राज्य के सीएनटी एक्ट से संबंधित मुद्दों को भी संबोधित करेगा और साइबर अपराध को कम करने में भूमिका निभाएगा।
बिनोद कुमार ने इंडियन बैंक के कर्मचारियों के साथ टाउन हॉल बैठक में चार प्रमुख स्तंभों-सतत व्यवसाय विकास, ग्राहक सेवा उत्कृष्टता, डिजिटल ऑनबोर्डिंग और अनुपालन संस्कृति-पर जोर दिया, जो बैंक की सफलता और झारखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैंक की वित्तीय सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता और सहयोग व्यक्त किया।

