पत्नी कल्पना सोरेन के साथ देवघर पहुंचे CM हेमंत, बाबा बैद्यनाथ में की पूजा-अर्चना; कहा- आगे भी आते रहेंगे
Saturday, Jul 20, 2024-05:17 PM (IST)

देवघर: सीएम हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन के साथ देवघर पहुंचे। यहां पुजारियों ने सीएम हेमंत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सीएम हेमंत और कल्पना सोरेन ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन संग वैदिक मंत्रोचार और हर-हर महादेव के जयकारे के बीच सीएम हेमंत ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। साथ ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, अमन, चैन, सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर देवघर के उपायुक्त विशाल सागर ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। दोनों ने पूजा-अर्चना के बाद पुजारियों से आशीर्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शिव ही संसार को चलाते हैं और वे इस शिवधाम में कई बार आ चुके हैं और आगे भी आते रहेंगे। इससे पहले सीएम को स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।