"देश में जाति जनगणना कराया जाए", रांची में चिराग पासवान बोले- इससे योजना बनाने में केंद्र और राज्य सरकार को होगी सहूलियत

Monday, Aug 26, 2024-11:11 AM (IST)

रांची: बीते रविवार को रांची में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी की हुई बैठक में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान को फिर एक बार सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री चिराग पासवान ने देश में जाति जनगणना कराये जाने पर बल देते हुए कहा कि इससे योजना बनाने में केंद्र और राज्य सरकार को सहूलियत होगी।

"जातीय जनगणना होने से सरकार के पास वंचितों, कमजोरों के वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे"
पासवान ने कहा कि केंद्र, राज्य के स्तर से कमजोर, वंचित वर्ग के लाभ के लिए योजनाएं बनायी जाती है। उनकी पार्टी चाहती है कि देश में जातीय जनगणना हो। इससे सरकार के पास वंचितों, कमजोरों के वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि आंकड़े सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन सरकार के पास इसके आंकड़े होने चाहिए। पासवान ने कहा कि झारखंड में पार्टी चुनाव लड़ेगी और इसका फैसला जल्द हो जाएगा कि वह एनडीए गठबंधन के साथ लड़ेंगी या अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी संगठन जिलों में खड़ा किया जा चुका है। आने वाले दिनों के लिए कई तरह के प्रोग्राम भी पार्टी ने फाइनल किए हैं। पासवान ने कहा कि पार्टी के सांसद, पदाधिकारी इनमें शामिल होंगे। आने वाले समय में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए और भी प्रभावी तरीके से काम होंगे। पहला प्रयास एनडीए गठबंधन के साथ हिस्सेदारी लेकर चुनाव लड़ने और सरकार बनाने का होगा। किसी कारण वश ऐसा ना होने पर पार्टी जहां मजबूत होगी, वहां अकेले लड़ेगी। पार्टी यहां के चुनाव में भी महिला, युवाओं को प्रोत्साहित करेगी। धर्म, संप्रदाय, जाति से परे रहकर ही राजनीति करेगी। अगर एनडीए फोल्डर में लोजपा रहता है तो एनडीए और मजबूत होग। झारखंड में घुसपैठ के सवाल पर पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार डे वन से इस पर अपना स्टैंड क्लियर रखते आयी है, जहां कहीं से शिकायत इसकी आएगी, केंद्र जरूर उस पर एक्शन लेगा। इस अवसर पर पार्टी सांसद वीणा सिंह, शांभवी चौधरी, राजेश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान सहित अन्य नेता मौजूद थे।

बता दें कि बीते रविवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की राष्ट्रीय कार्यकारी बैठक में अगले 5 साल के लिए एक बार फिर से अध्यक्ष चुना गया। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी, जिसमें कहा गया कि पार्टी को आपके कुशल नेतृत्व पर पूर्ण भरोसा है और पार्टी आपके मार्गदर्शन में एक नई ऊंचाई हासिल करेगी। रांची में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी की हुई बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान लोजपा ने झारखंड में विधानसभा चुनाव लडने का विकल्प खुला रखा है। बैठक में यह जिम्मेदारी राज्य इकाई को दी गई कि वह एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने या अकेले चुनाव लड़ने पर निर्णय लें। वहीं, चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी झारखंड में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन सीटों को लेकर तालमेल नहीं हो सका तो पार्टी अकेले भी चुनाव लड़ सकती है। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य स्तर पर ही बात हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर अभी कोई बात नहीं हुई है। पासवान ने कहा कि अकेले चुनाव लड़ने पर पार्टी कम से कम 40 सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। लोजपा गठबंधन के तहत चुनाव लड़े या अकेले, सरकार एनडीए की ही बनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static