विधानसभा में पक्ष-विपक्ष दोनों ने दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग की: CM हेमंत
Friday, Aug 22, 2025-06:15 PM (IST)

रांची: झारखंड विधानसभा में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा और भारत रत्न देने की मांग उठी। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की। पक्ष और विपक्ष दोनों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सदन की भावना है कि इसके लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर भारत सरकार को भेजा जाए। सोरेन ने कहा कि राज्य की जनता का भाव है और उसे सदन में सदस्यों ने रखा है और इस पर सदन विचार करेगा। वहीं, बता दें कि सत्र शुरू होने से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन आदि के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर भारत सरकार को भेजा जाए। साथ ही उन्होंने गुरुजी की संघर्ष गाथा और जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। पक्ष-विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने दुख जताते हुए बताया कि शिबू सोरेन का विशाल व्यक्तित्व था। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आंखों में आंसू छलकने लगे। इस दौरान वो काफी भावुक नजर आए और रुमाल से आंसू पोंछते रहे।