दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी को शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल करें झारखंड सरकार: आलोक कुमार दुबे
Friday, Aug 08, 2025-10:52 AM (IST)

रांची: झारखंड के जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी को स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) ने झारखंड सरकार से की है।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड के जननायक को जानना प्रत्येक झारखंडी बच्चे का अधिकार है। दिशोम गुरु का जीवन त्याग, संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, जिससे भावी पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी।'' उन्होंने बताया कि पासवा का एक प्रतिनिधिमंडल बहुत जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री संदीप कुमार सोनू से मुलाकात कर इस विषय पर गंभीर चर्चा करेगा और शिक्षा पाठ्यक्रम में समावेशन के लिए औपचारिक प्रस्ताव सौंपेगा। इस मांग को केवल शब्दों तक सीमित न रखते हुए, पासवा ने जमीनी स्तर पर पहल की शुरुआत भी कर दी है।
पासवा के प्रदेश महासचिव नीरज कुमार ने विद्यालयों में जाकर स्कूली बच्चों को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन, आंदोलन, आदिवासी हितों के लिए किए गए संघर्ष और उनके राजनीतिक योगदान की विस्तार से जानकारी दी। पासवा का उद्देश्य है कि बच्चों में अपने राज्य के गौरवपूर्ण इतिहास के प्रति चेतना विकसित हो और वे अपने नायकों से प्रेरणा लें।