भाजपा के चुनावी वादों का झारखंड विधानसभा चुनाव में नहीं होगा कोई असर: कांग्रेस नेता

Monday, Oct 07, 2024-11:11 AM (IST)

जमशेदपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यकारी समिति के सदस्य अजय कुमार ने बीते रविवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणापत्र के पांच प्रमुख बिंदुओं ‘पंचप्राण' की आलोचना करते हुए इसे एक बार फिर लोगों को धोखा देने वाला ‘चुनावी जुमला' करार दिया।

पूर्व सांसद ने कहा, ‘‘शनिवार को जारी पार्टी के चुनाव घोषणापत्र का हिस्सा ‘पंच प्राण' झारखंड के लोगों को फिर से धोखा देने की एक चाल है।'' राज्य सरकार द्वारा लागू की गई ‘मईयां सम्मान योजना' के भाजपा के विरोध पर टिप्पणी करते हुए कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रशासन का उद्देश्य आधी आबादी को 1,000 रुपये प्रति माह प्रदान करके आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इस योजना को रोकने के लिए न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया है, वहीं भाजपा अब विधानसभा चुनाव के करीब आते ही महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता का वादा करके उन्हें लुभाने की कोशिश कर रही है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके कुमार ने सवाल किया कि क्या भाजपा अपने शासित राज्यों में भी इसी तरह के वादे पूरे कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘शायद नहीं।'' उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी का 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा भी एक ‘जुमला' था।

पूर्व सांसद ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपने शासित राज्यों में भी नागरिकों को चुनाव पूर्व किए गए ऐसे ही वादों को पूरा करने के लिए इंतजार करवा रही है। उन्होंने भाजपा की मंशा पर चिंता जताते हुए पूछा, ‘‘अगर झारखंड में एलपीजी सिलेंडर कम कीमत पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तो इसमें आम जनता का क्या दोष है।'' कुमार ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों से पहले इन झूठे वादों के साथ राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने पिछले दो दशकों में देश में रिकॉर्ड उच्च बेरोजगारी और उच्च मुद्रास्फीति दरों का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा इन महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि इसके बजाये वह सत्ता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘देश के लोगों ने उनके इरादों को पहचान लिया है और भाजपा को खारिज करना शुरू कर दिया है, जैसा कि हरियाणा में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों से स्पष्ट है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘‘जुमलेबाजी'' (झूठे वादे) का आगामी झारखंड विधानसभा चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static