Jharkhand News... अर्जुन मुंडा ने खूंटी विधानसभा के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से किया संवाद

5/3/2024 10:53:48 AM

रांचीः केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के खूंटी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने खूंटी विधानसभा के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की पिछले 10 साल की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के 75 साल बाद लोगों के घरों में हमारी सरकार की योजना के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। ये पहली बार हुआ है कि लोगों के घरों तक स्वच्छ जल पहुंच रहा है। किसानों को सम्मान निधि राशि दिया जा रहा है।

मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं और महिलाओं को मजबूत बनाने का काम किया है। आज स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। बीते 10 वर्षों में हमारे प्रयासों से एक करोड़ बहनें 'लखपति दीदी' बनी हैं। अब मोदी जी ने गारंटी दी है अगले पांच वर्षों में 3 करोड़ बहनों को 'लखपति दीदी' बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर गरीब की चिंता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को है। कोरोना काल में प्रारंभ हुई गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आज भी लोगों को मिल रहा है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि विपक्ष ये नहीं बता पा रहे हैं कि वो लोग देश के लोगों का भला कैसे करेंगे लेकिन उन्हें हमारे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी को सिर्फ सत्ता से हटाना है। वे 60 वर्षों तक शासन में रहे लेकिन देश का भला नहीं हो पाया और अब वे देश की भलाई की बात करते हैं। हमारी सरकार ने स्वास्थ्य को लेकर, रोजगार को लेकर, महिला सशक्तिकरण को लेकर काम किया है। लेकिन ये लोग बोलते फिरते हैं कि भाजपा वाले संविधान बदल देंगे।

मुंडा ने कहा कि मैं विपक्ष के लोगों से पूछना चाहता हूँ कि उन्होंने 60 साल में क्या किया? उन्हें यह बताना चाहिए कि देश के लिए उन्हें क्या करना है? देश के भविष्य के क्या करना है? मुंडा ने खूंटी के विधायक नीलकंठ मुंडा और पद्म भूषण व पूर्व सांसद कड़िया मुंडा के साथ आज मुरहू में भारतीय जनता पार्टी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static