Jharkhand News: ड्यूटी के दौरान राइफल साफ करते समय चली गोली, जवान की दर्दनाक मौत

Monday, Mar 23, 2026-11:07 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। टोंटो थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिसकर्मी की सर्विस राइफल की सफाई के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस कैंप में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राइफल साफ करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पालीसाई स्थित सीआरपीएफ पिकेट में तैनात जिला पुलिस के जवान अजय किशोर खाखा रविवार रात अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई, जो उनके गले से होते हुए सिर को गंभीर रूप से घायल करती हुई निकल गई।

अस्पताल ले जाने से पहले ही तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद साथी जवानों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे कैंप में मातम का माहौल है।

गुमला के रहने वाले थे जवान

मृतक अजय किशोर खाखा झारखंड के गुमला जिले के रायडीह गांव के निवासी थे और वर्तमान में पश्चिमी सिंहभूम में तैनात थे। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में भी शोक की लहर है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

हाल के दिनों में झारखंड में सुरक्षा बलों से जुड़े ऐसे कई मामले सामने आए हैं। 17 मार्च को चतरा में एक एसएसबी जवान ने खुद को गोली मार ली थी। अक्टूबर 2025 में रांची में एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। लगातार सामने आ रही घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News

static