JMM को एक और झटका! आज लोबिन हेंब्रम BJP में होंगे शामिल, असम के CM दिलाएंगे पार्टी की सदस्यता

Saturday, Aug 31, 2024-11:30 AM (IST)

रांची: चंपई सोरेन के बाद अब बोरियो के पूर्व झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम भी बीजेपी में शामिल होंगे। आज यानी शनिवार को लोबिन हेंब्रम बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में इसके लिए मिलन समारोह कार्यक्रम भी रखा गया है। इस दौरान भाजपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद लोबिन हेंब्रम के बोरियो विधानसभा से चुनाव लड़ने की संभावना है।

बता दें कि लोबिन हेम्ब्रम ने राजमहल सीट से निर्दलीय लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसके बाद झामुमो ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। 1 माह पहले ही स्पीकर न्यायाधिकरण ने दल-बदल मामले में सुनवाई के बाद हेंब्रम की सदस्यता खत्म कर दी थी। वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बीते शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। चंपई सोरेन के साथ उनके बेटे भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने माला और पार्टी का पट्टा पहनाकर चंपई सोरेन का स्वागत किया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने उन्हें सदस्यता दिलाई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static