तमिलनाडु में अपहृत झारखंड के सभी 6 श्रमिक सकुशल रिहा, इरफान अंसारी ने पुलिस से किया था आग्रह

Wednesday, Jul 23, 2025-04:16 PM (IST)

रांची: तमिलनाडु में कथित तौर पर अपहृत किए गए झारखंड के जामताड़ा के सभी 6 श्रमिकों को दक्षिणी राज्य में बचा लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बीते मंगलवार को यह जानकारी दी।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने एक दिन पहले यह आशंका जताई थी कि इन सभी की जान को खतरा है, जिसके बाद पुलिस ने सभी को सुरक्षित बचा लिया। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा, ‘‘तमिलनाडु पुलिस ने हमसे संपर्क किया। हमारी जानकारी के आधार पर उन्होंने सभी 6 मजदूरों को बचा लिया है। हालांकि, अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कथित रूप से शामिल अपराधी फरार हैं।'' उन्होंने बताया कि सभी छह श्रमिक जीविका के लिए तमिलनाडु गए थे और उनके जामताड़ा पहुंचने पर उनकी उम्र एवं अन्य विवरण का पता चल पाएगा। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बचाए गए श्रमिक फिलहाल तमिलनाडु के सलेम थाने में हैं और उन्हें झारखंड वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोमवार को आशंका जताई थी कि तमिलनाडु में कथित तौर पर अपहृत छह लोगों की जान को खतरा है। उन्होंने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी छह लोगों को बचाने का आग्रह किया। अंसारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘मेरे विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा (नारायणपुर प्रखंड) के छह बच्चों का तमिलनाडु में अपहरण हो गया है। अपहर्ता लगातार फिरौती की मांग कर रहे हैं। भयभीत परिवार ने 30,000 रुपये भी भेज दिए हैं।'' उन्होंने जामताड़ा के छह निवासियों के नाम और लेनदेन का विवरण भी साझा किया। अंसारी ने पोस्ट में कहा, ‘‘इन मासूम बच्चों की जान गंभीर खतरे में है।'' मंत्री ने बताया कि इरफान अंसारी, जहीर अंसारी, अरबाज अंसारी, किस्मत अंसारी, इरशाद अंसारी और उल्फत अंसारी का अपहरण किया गया है। उन्होंने मोबाइल नंबर भी साझा किए, जो बंद पाए गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static