रांची में 29 साल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने जमकर काटा बवाल; आरोपी के घर में की जमकर तोड़फोड़
Monday, Aug 11, 2025-09:05 AM (IST)

Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची के भट्टी चौक के पास रविवार को पुरानी रंजिश के चलते 29 साल के एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान साहिल उर्फ कुरकुरे के रूप में हुई है। उसने बताया कि दिनदहाड़े व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। हिंदपीढ़ी पुलिस थाने के प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया, “कुरकुरे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गोली लगने से उसकी मौत हो गई।” मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त इलाके के ही तीन-चार लोगों ने कुरकुरे की हत्या की है।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस बीच, घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी के घर में तोड़फोड़ की।