देवघर में तीन मंजिला मकान गिरने से 2 लोगों की मौत, मलबे में दबे अन्य लोगों के लिए रेस्क्यू जारी

Sunday, Jul 07, 2024-12:31 PM (IST)

देवघरः झारखंड के देवघर में बहुमंजिला मकान गिरने से अब तक 2 लोगों की मौत की खबर आ रही है। बहुमंजिला मकान के मलबे में आधा दर्जन से अधिक लोग फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि मलबे से 4 लोगों को निकाला गया, जिसमें 2 की मृत्यु हो गई। मृतकों के नाम मनीष दत्त द्वारी और सुनील कुमार (38) हैं। वहीं, 3 बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले ही निकाल लिया गया था।

एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। जेसीबी और मजदूरों को बुलाकर गिरी हुई इमारत का मलबा हटाया जा रहा है। इस हादसे की सूचना मिलते ही गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे सूचना मिली कि एक इमारत गिर गई है। लोग परेशान हैं। सभी लोग आ गए, लेकिन रेस्क्यू टीम 1 घंटे बाद पहुंची। प्रशासन के लोग देर से पहुंचे। डॉ दुबे ने कहा कि 10-12 साल पहले देवघर में एक बड़ी दुर्घटना हुई थी, तब केंद्र सरकार ने एनडीआरएफ की एक स्थायी टीम को देवघर में तैनात किया था। इस टीम ने ही रोप-वे हादसे के समय लोगों की जान बचाई थी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जितने भी लोग मलबे के नीचे दबे हैं, सभी सुरक्षित होंगे। एम्स को भी अलर्ट कर दिया है। जिला प्रशासन से कहा है कि यहां जो लोग घायल हैं, उन्हें एम्स ले जाएं। एम्स के डायरेक्टर ने 5-7 बेड की व्यवस्था कर रखी है।

बता दें कि घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र के सीता होटल के पास घटी। भवन में 3 परिवार की 3 महिला समेत 9 लोग अंदर थे। मोहल्ले वालों ने 2 लड़कियों सुभानी कुमारी और पीहू कुमारी को निकाला, लेकिन 3 महिला सहित 7 लोग फंसे रह गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static