बिहार में घने कोहरे का सितम, IMD ने सभी जिलों में येलो अलर्ट किया जारी ; जानें मौसम का ताजा अपडेट
Saturday, Dec 20, 2025-04:01 PM (IST)
Kal Ka Mausam Bihar: बिहार में दिन और रात के तापमान का अंतर काफी कम हो गया है और प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी धूप नहीं निकल सकी। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
दिसंबर में टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, पटना का तापमान 14.8 डिग्री
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, घने कोहरे की चादर से राजधानी पटना सहित पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, तिरहुत और शाहाबाद प्रमंडल पूरी तरह ढके हुए हैं। इससे जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। राजधानी पटना में पिछले 14 वर्षों में पहली बार दिसंबर माह में अधिकतम तापमान में रिकॉर्ड आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में पटना का अधिकतम तापमान मात्र 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो इस मौसम की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है। इससे पहले दिसंबर में दिन का तापमान इतना नीचे नहीं गया था।
येलो अलर्ट जारी ।। Bihar fog alert
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालय क्षेत्र से आ रही सर्द पछुआ हवाओं के कारण राज्य के तापमान में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 दिसंबर तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने 20 से 22 दिसंबर तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के छाये रहने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अनेक जिलों में कोहरा छाया रह सकता है, जिससे दिन और रात के तापमान के अंतर में और कमी आ सकती है। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट के आसार हैं।
गया में सबसे कम तो किशनगंज में सबसे अधिक तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, लेकिन धूप न निकलने के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पटना, गया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, नालंदा, सीवान, सहरसा, मुंगेर और जहानाबाद समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कुल 22 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस गया में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान किशनगंज जिले में 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

