बड़ा हादसा: पोखर में डूबने से मां और 4 मासूम बच्चों की मौत, इलाके में पसरा मातम
Friday, Aug 07, 2026-05:35 PM (IST)
Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के एक गांव के पोखर में डूबने से एक महिला और उसके चार बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में गुरुवार को हुई। मृतकों की पहचान सुशीला देवी (30), उनकी बेटियों अमृता कुमारी (11) और पम्मी कुमारी (6) तथा बेटों अविनाश कुमार (8) और रवि कुमार (4) के रूप में हुई है।
अरेराज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आदित्य दीक्षित ने बताया, ''महिला रोजाना की तरह गुरुवार को भी अपने बच्चों को चारा काटने और घोंघा इकट्ठा करने के लिए पास के खेतों में ले गई थी। जब महिला का पति शाम को घर लौटा तो उसने पत्नी और बच्चों को नहीं पाया और उनकी तलाश शुरू कर दी। आखिरकार, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से खेतों में स्थित एक पोखर से शव बरामद किए गए।'' उन्होंने बताया कि ऐसी आशंका है कि बच्चों में से कोई एक संभवत: तालाब के निकट बारिश के पानी से भरे गड्ढे में फिसल गया होगा, जिसके बाद वह बहता हुआ पोखर की ओर चला गया और बाकी बच्चे उसे बचाने के प्रयास में डूब गए।
स्थानीय लोगों ने लगाया ये आरोप
हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाल में हुए घरेलू विवाद के कारण महिला ने पहले अपने बच्चों की हत्या की और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। बीडीओ दीक्षित और गोविंदगंज थाना प्रभारी सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता उचित जांच के बाद ही चल सकेगा। थाना प्रभारी ने कहा, ''पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।''

