जितिया पर्व पर परिवार में पसरा मातम: मां ने रखा था व्रत, बड़े भाई ने धारदार हथियार से कर दी छोटे भाई की हत्या

Sunday, Oct 04, 2026-02:09 PM (IST)

सासाराम: बिहार में रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के दलेलगंज मोहल्ले में पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने धारदार हथियार से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान रोहित पटवा के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच शनिवार की रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान रवि पटवा ने घर में सब्जी काटने वाले धारदार हसुआ (फसुल) से अपने छोटे भाई रोहित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों भाई गोला बाजार में जितिया पर्व के अवसर पर माला, कलावा और बद्दी आदि बेचने का काम करते थे। उनकी मां ने शनिवार को जितिया का व्रत भी किया था। इसी बीच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया। 

यह भी पढ़ें- सैनिक का पार्थिव शरीर ले जा रही एम्बुलेंस भीषण हादसे का शिकार, बेटे समेत 4 लोगों की मौत; मची चीख-पुकार

घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था और नशे की हालत में मारपीट की घटनाएं भी होती रहती थीं। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static