दहेज की बलि चढ़ी 8 माह की गर्भवती! ससुराल वालों पर छत से नीचे फेंक कर हत्या का आरोप, इलाके में सनसनी

Sunday, Aug 02, 2026-05:45 PM (IST)

बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के लोकरिया मौजे गांव में आठ माह की गर्भवती विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा छत से धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान हाजरा खातून (19) के रूप में हुई है। उसकी शादी जून 2025 में लोकरिया मौजे निवासी एजाज आलम से हुई थी, जो बाहर रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। हाजरा का मायका पहाड़ापुर थाना क्षेत्र के सिसवा मलदेहिया वार्ड संख्या तीन में है। मृतका के पिता मनसूर आलम ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष बाइक, दो लाख रुपए नकद और सोने के गहनों की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी पुत्री के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि करीब दो माह पहले हाजरा की ननद की शादी के दौरान उसके गहने मांगकर ननद को देने का दबाव बनाया गया था, लेकिन हाजरा ने इससे इनकार कर दिया था। 

परिजनों का आरोप है कि शनिवार की दोपहर हाजरा छत पर कपड़े उतारने गई थी, तभी ससुराल वालों ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। बाद में ससुराल पक्ष ही उसे जीएमसीएच, बेतिया लेकर पहुंचे जहां से बेहतर चिकित्सा के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां बीती रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मनसूर आलम ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप उसके ससुर, सास, सास की बहन, ननद और देवर पर लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static