राहुल गांधी की सजा पर रोक के बाद बिहार कांग्रेस में खुशी की लहर, पार्टी प्रवक्ता ने देशवासियों का जताया आभार
Friday, Aug 04, 2023-04:45 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब तक राहुल गांधी की अपील पर निपटारा नहीं हो जाता है, तब तक सजा पर रोक लगी रहेगी। राहुल गांधी की सजा पर रोक के बाद बिहार कांग्रेस के नेताओं में खुशी की लहर है।
"राहुल गांधी ने देश को जोड़ने का किया काम"
कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को लेकर देश की सभी 140 करोड़ लोग आभार व्यक्त करते हैं। राहुल गांधी ने पूरे देश को जोड़ने का काम किया। शोषितों वंचितों की आवाज उठाई। जिस तरीके से तत्पर्यता दिखाते हुए लोकसभा से उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। सर्वोच्च न्यायालय से फैसला आने के बाद क्या उसी तत्पर्यता के साथ उनकी सदस्यता को पुनः बहाल की जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता है तो लोकसभा स्पीकर भी शक के दायरे में आएंगे। वहीं राजद ने भी कोर्ट के इस फैसले पर खुशी जाहिर की है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का यह सुप्रीम फैसला आया है। जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मौलिक अधिकार और बोलने की आजादी को क्षीण किया जा रहा था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से इसको संरक्षित करने का काम किया गया है। इस दृष्टिकोण से मैं इस निर्णय का सम्मान करता हूं।
क्या है मामला?
बता दें कि 13 अप्रैल 2019 को कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरनेम पर टिप्पणी की थी। राहुल गांधी ने कहा था कि नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी का सरनेम कॉमन क्यों है? सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है? राहुल गांधी के इस बयान को लेकर बीजेपी विधायक पूर्णेश मोदी ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने पूरे मोदी समुदाय को कथित रूप से यह कहकर बदनाम किया कि सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है? अब मोदी सरनेम मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को बड़ी राहत दी है।