Bihar Election 2025: जब गाड़ी नहीं, तो भैंस ही सही! चुनाव के बीच दिखा वोटर का अनोखा अंदाज

Thursday, Nov 06, 2025-10:15 AM (IST)

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: बिहार में प्रथम चरण में 121 विधानसभा सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। प्रथम चरण में 121 विधानसभा सीटों के लिये 45341 मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हो गई। वहीं वैशाली जिले के भगवानपुर से एक बेहद ही रोमांचक तस्वीर सामने आई है। यहां पर एक वोटर केदार यादव भैंस पर सवार होकर वोट डालने के लिए मतदान केन्द्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद लोकतंत्र का महापर्व आया है। जब गाड़ी नहीं मिली तो वह भैंस पर सवार होकर ही मतदान करने पहुंचे।

"पांच साल बाद आया मौका, वोट तो देना ही है"

वोटर केदार यादव का कहना है कि वे किसान है। भैंस पालते है। जिस कारण इसी पर सवार होकर वह वोट डालने पहुंचे है। उन्होंने कहा पांच साल बाद ये मौका मिलता है। मतदान जरुर करना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से भी मतदान करने की अपील की है। उनके साथ कई महिलाएं भी मंगल गीत गाते हुए मतदान करने पोलिंग बूथ आई। उनका कहना था कि पहले मतदान करेंगी फिर वे खाना बनाएंगी। पांच साल बाद वोट करने का अवसर मिलता है।

प्रथम चरण के चुनाव में राजग के घटक जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के 57, भाजपा के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के दो उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में उतरे हैं। एक अन्य सीट मढ़ौरा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द होने के बाद राजग ने निर्दलीय उम्मीदवार अंकित कुमार को समर्थन दिया हैं। वहीं महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 71, कांग्रेस के 24, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) के 14, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के छह,भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पांच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के तीन-तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज से 118 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जिसमें 122 सीटों के लिये मतदान कराया जायेगा। इसके बाद 14 नवंबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किये जायेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static