"भाई-बहन बेरोजगार हो गए हैं तो बेरोजगारी दिवस मनाना स्वाभाविक", विनोद तावड़े ने राहुल-प्रियंका पर कसा तंज

Monday, Sep 19, 2022-12:42 PM (IST)

पटनाः बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाई-बहन बेरोजगार हो गए हैं तो बेरोजगारी दिवस मनाना स्वाभाविक है।

''भाई-बहन बेरोजगार हो गए हैं''
भाजपा प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार बिहार आए विनोद तावड़े ने रविवार को यहां ज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘मोदी@20 : सपने हुए साकार' के लोकार्पण के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जब कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर बोलने को कुछ नहीं मिल रहा तो उनके जन्मदिन पर बेरोजगार दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाई-बहन बेरोजगार हो गए हैं, तो ऐसा करना स्वाभाविक है।''

''भ्रष्टाचार मुक्त देश चाहती है जनता''
विनोद तावड़े ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने आज यह बता दिया कि बिना जनप्रतिनिधि और बिना मंत्री बने भी बहुत कुछ किया जा सकता है। संगठन में भी बहुत कुछ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जनता परिवारवाद और भ्रष्टाचार मुक्त देश चाहती है। तुष्टिकरण से नहीं बल्कि सबका साथ सबका विकास से देश आगे बढ़ेगा। यही कारण हैं कि सारी योजनाएं इसी मूल मंत्र के आधार पर बनती हैं।

यह भी पढ़ें- स्मृति ईरानी का नीतीश पर कटाक्ष- बिहार में बिना सहयोगी के सरकार न बना सकने वाले भी PM बनने की रेस में

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘आज मैं जब पहली बार आया हूं तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की उंगली पकड़ आया हूं, जिन्होंने अमेठी में राहुल गांधी को हरा दिया। यही कारण हैं कि मैं जिस सपने को लेकर बिहार आया हूं वह जरूर पूरा होगा।'' भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि मोदी@20 के मध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को पढ़ सकते हैं। मोदी ने संघर्ष में मुकाम को खोजा है। विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला कर मनुष्य किस प्रकार से अपनी मंजिल के रास्ते पर चल सकता है, यह उनके जीवन से जाना जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static