नीतीश सरकार पर जमकर बरसे विजय सिन्हा, बोले- अपराध पर फर्जी आंकड़ा पेश कर रहे सुशासन बाबू

Friday, Sep 02, 2022-06:05 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है और सुशासन बाबू फर्जी आंकड़ा पेश कर रहे है कि अपराध घट रहा है, जबकि लोग दहशत में है। कल ही एक व्यापारी को गोली मार दी गई और छिनताई भी की गई। दो दिन पहले समस्तीपुर में स्वर्णकार की गोली मार कर हत्या की गई। पुलिस अपराधी को पकड़ने के बजाए मृतक के परिवार को परेशान कर रही है। 

"भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर"
विजय सिन्हा ने नीतीश कुमार पर निशना साधते हुए कहा कि "कुर्सी कुमार" 2000 में आए थे और चुनाव लड़े, जीत नहीं मिली तो वापस दिल्ली चले गए। उसके बाद बीजेपी ने मेहनत कर के "कुर्सी कुमार" को सत्ता दिलाया। फिर 2013 में आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाया और उन्हें 95 सीट पर लाया, फिर बीजेपी के साथ आ गए और अब एक बार फिर से आरजेडी के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं जिससे भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। 

विजय सिन्हा ने नीतीश को दी ये सलाह
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कई विभाग के अंदर भ्रष्टाचार चरम पर है। मुख्यमंत्री जी आपको सलाह दे रहे हैं कि बिहार की जनता को अराजकता में पहुंचा कर के उनकी जिंदगी के साथ खिलवाड़ न करें। समस्तीपुर की घटना पर जिस तरह से लापरवाही की गई है वो गलत है, त्रस्तिकरण की राजनीति से माहौल खराब हो रहा है। प्रतिपक्ष का नेता होने के नाते लोग हमें फोन कर रहे हैं और समस्याओं से अवगत करा रहे हैं।बिहार को भ्रष्टाचारियों अपराधियो के हवाले न करें। आज भी बीजेपी के सिपाही अराजकता को खत्म कर सकते हैं 2005 में जहां से शुरुआत किए थे आज फिर से वहीं पर हैं।

विजय सिन्हा ने कहा कि इनके मंत्रिमंडल में अपराधियो की भरमार है और नीतीश कुमार इससे अनजान नहीं है,16 वर्ष से सरकार में है सभी का रिकॉर्ड जानते हैं। आज कहीं न कहीं अच्छे अधिकारी सेंटिंग में पड़े हैं और भ्रष्ट अधिकारी बिहार का माहौल खराब कर रहे हैं। जब उनके साथ थे तब भी हम लोग अपराध को लेकर उनका विरोध करते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static