मणिपुर हिंसा को लेकर विजय चौधरी ने किया केंद्र सरकार का घेराव, कहा- वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की जरूरत
Sunday, Jul 23, 2023-02:07 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के वित्त मंत्री विजय चौधरी ने अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान विजय चौधरी ने केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। विजय चौधरी ने कहा कि यह बहुत आश्चर्य की बात है कि पूरे देश में गरीबी रेखा दूर करने में बिहार सबसे अव्वल स्थान पर रहा है और भाजपा के नेता इस पर गर्व महसूस नहीं कर रहे हैं।
"भाजपा नेताओं को बिहार से परेशानी"
विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा नेता नीतीश कुमार के विरोध में अंधे हो चुके हैं। बिहार सरकार को बदनाम करने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं। नीति आयोग ने जो रिपोर्ट बिहार के विकास की जारी की है, उस रिपोर्ट में बिहार सरकार द्वारा किए गए कार्य और उपलब्धि की प्रशंसा है। भाजपा नेताओं को बिहार से परेशानी है। बिहार को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की सोच के कारण कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण बिहार विकास की ओर बढ़ रहा है। नीतीश कुमार का कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण बिहार से गरीबी दूर हो रही है। वहीं भाजपा नेता ईर्ष्या भाव के कारण बिहार सरकार की प्रशंसा नहीं कर रहे हैं।
"मणिपुर के हालात बद से बदतर हो चुके"
मणिपुर हिंसा को लेकर विजय चौधरी ने केंद्र सरकार और भाजपा को घेरते हुए कहा कि मणिपुर की घटना और बिहार की घटना में लोगों को फर्क समझना चाहिए। मणिपुर के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। गृह मंत्री वहां पर जाकर दौरा कर रहे हैं पर घटना नहीं रुक रही है। मणिपुर की सरकार निकम्मी है, केंद्र सरकार को इस पर कोई दुख नहीं है। मणिपुर की घटना में जो दोषी हैं, उनपर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की जरूरत है। वहीं बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार पर विजय चौधरी ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार सिर्फ मीडिया में चल रहा है। इसपर सरकार के मंत्री ने कुछ नहीं कहा, ना ही मुख्यमंत्री ने कोई बयान दिया है। इस पर जो भी फैसला होगा वह सही समय पर बताया जाएगा। अभी इस पर कोई बात नहीं है मीडिया में ही सिर्फ चल रहा है।