कुढ़नी में CM नीतीश की सभा में बवालः CTET और BTET अभ्यर्थियों ने लगाए हाय-हाय के नारे, कुर्सियां भी चलीं
Friday, Dec 02, 2022-06:02 PM (IST)

मुजफ्फरपुरः बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए जोरों-शोरों से प्रचार चल रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव महागठबंधन के प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के पक्ष में प्रचार करने मुजफ्फरपुर पहुंचे। वहीं उनकी चुनावी सभा में सीटीईटी (CTET) और बीटीईटी (BTET) शिक्षक अभ्यर्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान उनके समर्थक भी अभ्यर्थियों से भिड़ गए और एक दूसरे पर कुर्सी फेंकने लगे।
सभा के दौरान जमकर चलीं कुर्सियां
दरअसल, नीतीश कुमार शुक्रवार को कुढ़नी में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच शिक्षक अभ्यर्थी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि CTET और BTET के अभ्यर्थी मुख्यमंत्री शर्म करो, डूब मरो के साथ साथ हाय हाय के नारे लगा रहे हैं। नारों को सुनते ही नीतीश कुमार के समर्थको ने कुर्सी मारकर अभ्यर्थियों को भगा दिया। इसके बाद दोनों गुटों में झड़प हो गई और सभा में लगी कुर्सियां तोड़ दी गई। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने आंदोलनरत्त अभ्यर्थियों को वहां से हटा दिया। संबोधन के दौरान नीतीश कुमार ने डैमेज कंट्रोल की भरपूर कोशिश की।
सरकार सबका कल्याण करेगी: CM नीतीश
मंच से अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यहां चुनाव हो रहा है ये सब नहीं मत कीजिए। सरकार सबका कल्याण करेगी। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि आज हम लोगों को यहां आने का मौका मिला। आप सब लोग यहां पर मौजूद हैं, यह बहुत ही खुशी की बात है। कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में मनोज कुशवाहा हमारे उम्मीदवार हैं। 7 पार्टियों का समर्थन है। सभी एकजुट होकर सबकी समस्याओं को सुन रहे हैं। सब के उत्थान के लिए काम होगा। वहीं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी आश्वासन दिया आप लोग चिंता मत कीजिए। उन्होंने लोगों से मनोज कुशवाहा को जीताने की अपील करते हुए कहा कि सब लोग एकजुट हो चुके हैं। सभी भाजपा से हिसाब करना चाहते हैं।