"इस बार NDA में कुछ भी ठीक नहीं", भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने दिल्ली रवाना हुए उपेंद्र कुशवाहा

Wednesday, Oct 15, 2025-10:47 AM (IST)

NDA Seat Sharing: विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए (NDA) के भीतर सीट बंटवारे पर असंतोष व्यक्त करते हुए, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने बुधवार को कहा, "इस बार एनडीए में कुछ भी ठीक नहीं है।" 

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के लिए बुधवार को दिल्ली रवाना हुए कुशवाहा ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, "सब ठीक हो जाएगा। इसी उम्मीद और विश्वास के साथ हम दिल्ली जा रहे हैं।" पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, कुशवाहा अपनी पार्टी को आवंटित छह सीटों से खुश नहीं हैं। वह महुआ सीट एनडीए के एक अन्य घटक, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की अध्यक्षता वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को आवंटित किए जाने से भी खुश नहीं हैं। पटना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा कुशवाहा को मनाने की कोशिशें नाकाम रहीं।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और राज्य के अन्य भाजपा नेताओं ने मंगलवार शाम यहां कुशवाहा से मुलाकात की। बैठक देर रात तक चली, जिसके बाद कुशवाहा ने संवाददाताओं से कहा, "इस बार एनडीए में कुछ भी ठीक नहीं है...एनडीए नेताओं ने मंगलवार को दावा किया था कि गठबंधन सहयोगियों के बीच सीटों का बंटवारा सौहार्दपूर्ण ढंग से हो गया है और चर्चा अंतिम चरण में है। हालाँकि, इसके तुरंत बाद छोटे सहयोगियों में असंतोष सामने आ गया।

निर्धारित फॉर्मूले के अनुसार, भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर, लोजपा (रामविलास) 29 सीटों पर, जबकि हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (हम) और आरएलएम छह-छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली हम और आरएलएम दोनों ने इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। एक्स पर एक पूर्व पोस्ट में, कुशवाहा ने फॉर्मूले की घोषणा के बाद अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से माफ़ी मांगी थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static